उत्तराखंडविविध

देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, क्यूआरटी टीमों ने संभाली कमान; होम डिलीवरी पर विशेष जोर

देहरादून, 30 मार्च 2026। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जनपद में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। गठित टीमों ने आज विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों पर जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन के अनुसार, जिले में आज लगभग 16,786 घरेलू उपभोक्ताओं और 1,193 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं वर्तमान में 27,235 घरेलू तथा 2,532 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू के साथ-साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है और आपूर्ति व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि कालाबाजारी की किसी भी संभावना को समाप्त किया जा सके।

Related Articles

Back to top button