उत्तराखंड साहित्य गौरव समारोह में सजे सम्मान के सितारे, सीएम धामी ने किया साहित्यकारों का अभिनंदन
डॉ. जितेन ठाकुर को “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान”, कई रचनाकारों को मिला उत्कृष्ट सृजन पुरस्कार

देहरादून,30 मार्च। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित “उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह-2025” में प्रदेश के साहित्यकारों को सम्मानित करते हुए कहा कि साहित्यकार समाज के मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत होते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. जितेन ठाकुर को प्रदेश के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान” से सम्मानित किया। साथ ही डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्री श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, श्री केसर सिंह राय एवं श्री अताए साबिर अफजल मंगलौरी को “दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार” प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों एवं “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। साहित्य नारी वंदन सम्मान के अंतर्गत प्रो. दिवा भट्ट, बाल साहित्य के लिए प्रो. दिनेश चमोला तथा अन्य कई रचनाकारों को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की भूमि सदियों से ज्ञान, संस्कृति और सृजन की धरा रही है। उन्होंने सुमित्रानंदन पंत, गौरा पंत शिवानी, मोहन उप्रेती और शैलेश मटियानी जैसे महान साहित्यकारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी रचनाओं ने प्रदेश को विशिष्ट पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को लेखन के प्रति प्रेरित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म, साहित्यिक प्रतियोगिताएं और विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि उत्तराखंड को साहित्यिक पर्यटन का केंद्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत राज्य में दो आधुनिक “साहित्य ग्राम” स्थापित किए जाएंगे। यहां साहित्यकारों को रचनात्मक कार्य के लिए अनुकूल वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को नया सम्मान मिल रहा है और इसी प्रेरणा से राज्य सरकार भी साहित्यिक धरोहर के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री खजान दास, विधायक श्रीमती सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक, पत्रकार एवं साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।

