उत्तराखंडराज्य

पीएमजीएसवाई सड़कों के रख-रखाव को बनेगी समन्वय समिति, लंबित घोषणाओं पर 20 दिन में जीओ जारी करने के निर्देश — सीएम धामी

देहरादून 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट एवं बागेश्वर से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन घोषणाओं पर अभी तक शासनादेश जारी नहीं हुए हैं, उन पर अधिकतम 20 दिनों के भीतर जीओ जारी कर दिए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं का स्थानीय विधायकों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान निकालने पर बल दिया।
वन भूमि स्थानांतरण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि इनकी नियमित समीक्षा की जाए और प्रक्रियाओं में तेजी लाकर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत निर्मित सड़कों के रख-रखाव के लिए संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित की जाए। उन्होंने कहा कि यह समिति सड़कों के मेंटिनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे।
बरसात को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी सड़कों के पैचवर्क का कार्य वर्षाकाल से पूर्व पूरा कर लिया जाए। साथ ही खेल अवसंरचना को बढ़ावा देने के लिए जहां भूमि उपलब्ध है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव मोटर मार्ग के चौड़ीकरण में तेजी लाने, कपकोट के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय में पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित करने तथा बागेश्वर जिला अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विधायक बिशन सिंह चुफाल, सुरेश गड़िया, पार्वती दास, फकीर राम, प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, एस एन पाण्डेय, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई, जिलाधिकारी बागेश्वर आकांक्षा कोण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button