Breaking Newsउत्तराखंड

“स्वेच्छा से स्वच्छता” अभियान में सीएम धामी ने किया श्रमदान, जनभागीदारी पर दिया जोर

देहरादून 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेते हुए आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना रहा। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा और प्रत्येक नागरिक को अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी आधारित ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाएं, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता निरंतर बनी रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button