
देहरादून,21 अप्रैल 2026 । पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पुल के पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि पुल निर्माण का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है। उन्होंने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है, जो शीघ्र ही पूर्ण होकर संचालित हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस स्थान पर स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, जिसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़कों एवं पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयासरत है और विभिन्न क्षेत्रों में अनेक परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
पुष्कर सिंह धामी ने आगे कहा कि आगामी चारधाम यात्रा एवं आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं प्रगति की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।


