उत्तराखंडविविध

राज्यपाल से आईटी और पर्यटन सचिवों ने की शिष्टाचार भेंट, डिजिटल गवर्नेंस और पर्यटन विकास पर हुई चर्चा

देहरादून, 25 जुलाई 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से शनिवार को लोक भवन में उत्तराखंड सरकार के सचिव, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) श्री नितेश कुमार झा तथा सचिव, पर्यटन श्री धीराज सिंह गर्ब्याल ने अलग-अलग शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने राज्य में डिजिटल गवर्नेंस को सशक्त बनाने और पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
आईटी सचिव श्री नितेश कुमार झा से मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने डिजिटल नवाचार, प्रशासनिक दक्षता तथा नागरिक सेवाओं को तकनीक के माध्यम से अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं की त्वरित, सरल एवं सुगम पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्यपाल ने उत्तराखंड में डिजिटल गवर्नेंस, नवाचार और तकनीक आधारित कार्यसंस्कृति को और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी भी उपस्थित रहीं।
वहीं, सचिव पर्यटन श्री धीराज सिंह गर्ब्याल से भेंट के दौरान राज्यपाल ने उत्तराखंड में पर्यटन के समग्र विकास की दिशा में चल रहे प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान आध्यात्मिक पर्यटन, ईको-टूरिज्म, साहसिक पर्यटन तथा पर्यटन से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चर्चा हुई। राज्यपाल ने राज्य की प्राकृतिक और धार्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने तथा पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास का मजबूत आधार बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाओं का समुचित उपयोग कर प्रदेश को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बनाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button