उत्तराखंडविविध

राज्यपाल से कोर विश्वविद्यालय की कुलपति ने की शिष्टाचार भेंट, एआई और आधुनिक तकनीक पर हुआ मंथन

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने उच्च शिक्षण संस्थानों में नवाचार, अनुसंधान और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर दिया जोर

देहरादून, 3 अगस्त। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से सोमवार को लोक भवन में कोर विश्वविद्यालय, रुड़की की कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक प्रौद्योगिकी आधारित पहलों पर प्रस्तुतीकरण दिया।

प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्यपाल को विश्वविद्यालय में एआई एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, अनुसंधान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान आधुनिक तकनीक के शिक्षा क्षेत्र में बढ़ते प्रभाव और विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने उच्च शिक्षा में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल, तकनीकी दक्षता और आधुनिक ज्ञान से सुसज्जित करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और रोजगारपरक दक्षताओं को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही, अनुसंधान एवं नवाचार को संस्थागत स्तर पर प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता है।

इस अवसर पर कोर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. राजेश कुमार तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीपक पैन्यूली भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button