राज्यपाल से महालेखाकार, लेखापरीक्षा उत्तराखंड संजीव कुमार ने की शिष्टाचार भेंट
देहरादून,07 अगस्त 2026। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से शुक्रवार को लोक भवन में महालेखाकार, लेखापरीक्षा उत्तराखंड संजीव कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल और महालेखाकार के बीच प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।
राज्यपाल ने प्रदेश में सुशासन, वित्तीय अनुशासन और पारदर्शी प्रशासन को प्रभावी बनाने में लेखापरीक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों में वित्तीय पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
महालेखाकार संजीव कुमार ने राज्यपाल को उत्तराखंड में लेखापरीक्षा से संबंधित कार्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य में वित्तीय प्रबंधन, सरकारी व्यय की निगरानी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों के निष्पादन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने कहा कि प्रभावी लेखापरीक्षा व्यवस्था न केवल सरकारी संसाधनों के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने में सहायक होती है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को भी मजबूत करती है। उन्होंने प्रदेश के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों में वित्तीय अनुशासन बनाए रखने को महत्वपूर्ण बताया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यपाल एवं महालेखाकार के बीच प्रदेश के समग्र विकास और सुशासन से संबंधित विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।



