देहरादून, 9 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तराखंड ने प्रदेश कार्यसमिति का विस्तार करते हुए नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट द्वारा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों की सूची जारी की गई।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश कार्यसमिति में कुल 121 कार्यसमिति सदस्य शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही 32 विशेष आमंत्रित सदस्य तथा 25 स्थाई आमंत्रित सदस्य भी कार्यसमिति में शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कार्यसमिति का विस्तार किया गया है। नई कार्यसमिति में पार्टी के विभिन्न वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं संगठन से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति संगठन की आगामी गतिविधियों, कार्यक्रमों और पार्टी की नीतियों को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यसमिति के माध्यम से प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर रहेगा।
भाजपा की ओर से प्रदेश कार्यसमिति के 121 सदस्यों, 32 विशेष आमंत्रित सदस्यों एवं 25 स्थाई आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी की गई है। विस्तृत सूची संलग्न है।


