देहरादून 10 नवम्बर 2026। उत्तराखंड में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस दोनों राष्ट्रीय दलों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दोनों दलों के पुतले दहन करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतले छीन लिए और प्रदेश अध्यक्षा सहित आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य मातृशक्ति के संघर्ष, त्याग और शहादत की बुनियाद पर बना है। इस राज्य के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन आज उन्हीं महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर दोनों राष्ट्रीय दलों का रवैया बेहद निराशाजनक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही महिला सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती हैं, लेकिन जब महिलाओं को न्याय दिलाने और उनके साथ हुए अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का समय आता है, तब दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर अपनी राजनीतिक जिम्मेदारी से बचने लगती हैं। मातृशक्ति की पीड़ा और न्याय की मांग को राजनीतिक फायदे और नुकसान के तराजू में तौला जा रहा है।
उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े गंभीर मामलों को राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित कर दिया गया है। महिलाओं को न्याय दिलाना किसी राजनीतिक दल की कृपा नहीं, बल्कि सरकार और राजनीतिक व्यवस्था की संवैधानिक जिम्मेदारी है। प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर महिलाओं को न्याय कब मिलेगा? केवल महिला सम्मान के नारे लगाने से बेटियों को न्याय नहीं मिल सकता।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों को यह स्पष्ट करना चाहिए कि महिला उत्पीड़न और बेटियों के साथ होने वाले अन्याय के मामलों में उनकी वास्तविक प्रतिबद्धता क्या है। आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई को सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा भाजपा और कांग्रेस दोनों के पुतले छीन लिए जाने और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने पर आप नेताओं ने नाराजगी जताई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को पुलिस कार्रवाई के जरिए दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की मातृशक्ति के सम्मान और बेटियों को न्याय दिलाने की मांग पर पार्टी पीछे हटने वाली नहीं है। जब तक महिलाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
गिरफ्तार होने वालों में छात्र इकाई अध्यक्ष अक्षय शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुण्डीर, सहित अन्य आप कार्यकर्ता शामिल थे।


