देहरादून 10 नवम्बर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा योगनगरी ऋषिकेश में प्रदेश के चार जनपदों के नौ नगर निकायों में रजत जयंती पार्कों के लोकार्पण तथा ₹36 करोड़ की लागत वाली सात महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण पर भाजपा निकाय प्रकोष्ठ ने आभार व्यक्त किया है। भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सचिन गुप्ता ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह पहल उत्तराखंड के शहरी विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
प्रेस को जारी बयान में सचिन गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार नगर निकायों को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऋषिकेश से देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जनपद के नगर निकायों को मिली विकास की ये सौगातें सरकार के इसी संकल्प और दूरदर्शी सोच को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार शहरी क्षेत्रों में बेहतर सड़क एवं ड्रेनेज व्यवस्था, स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सीवरेज व्यवस्था, पार्कों के विकास और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दे रही है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के डबल इंजन के प्रयासों से प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
गुप्ता ने कहा कि रजत जयंती पार्कों का विकास न केवल शहरों की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल और स्वच्छ वातावरण भी उपलब्ध कराएगा। वहीं, सात महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं से शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से प्रदेश के सभी नगर निकाय विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेंगे। आने वाले समय में उत्तराखंड के शहर देशभर में शहरी विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं की मिसाल बनेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस जनकल्याणकारी एवं विकासोन्मुखी विजन के लिए भाजपा निकाय प्रकोष्ठ और प्रदेश की जनता आभारी है।
