Breaking Newsउत्तराखंडराज्य

टीएचडीसी टनल हादसा: 16 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, जिलाधिकारी मौके पर; प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने संभाली कमान

THDC कार्यालय में आपात स्थिति की प्रेस को जानकारी देने हेतु अभी प्रेस कांफ्रेंस जारी

चमोली,13 अगस्त 2026। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
ताजा जानकारी के अनुसार टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी, जिनमें से 16 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। रेस्क्यू किए गए लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है। शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
घटनास्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें जुटी हुई हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर फंसे लोगों तक सुरक्षित पहुंच बनाने और उन्हें बाहर निकालने के लिए समन्वित अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मौके पर अधिकारियों एवं बचाव दलों से स्थिति की जानकारी लेते हुए रेस्क्यू अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक उपकरण, संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं लगातार जुटाई जा रही हैं।
वहीं, कैबिनेट मंत्री एवं चमोली जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए रेस्क्यू अभियान को पूरी तत्परता, आपसी समन्वय और सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेस्क्यू अभियान की प्रगति और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button