देहरादून 14 अगस्त
। भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्होंने अपने आवास पर ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
डॉ. नरेश बंसल ने अपने संदेश में कहा कि देश आजादी की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस पावन अवसर पर पूरा देश अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद कर रहा है, जिन्होंने अपने जीवन का बलिदान देकर देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया और स्वतंत्र भारत का गौरव प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का अवसर है। मां भारती की स्वाधीनता के महायज्ञ में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सभी हुतात्माओं को कोटि-कोटि नमन है। अमर बलिदानियों के सपनों के भारत का निर्माण हम सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए दिन-रात समर्पित रहने वाले वीर जवानों को भी उन्होंने नमन किया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उल्लेख करते हुए डॉ. बंसल ने वर्ष 1947 में राजनीतिक स्वार्थ के कारण धर्म के आधार पर हुए भारत विभाजन की अमानवीय त्रासदी में जान गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि विभाजन देश के इतिहास का एक काला अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
डॉ. नरेश बंसल ने देशवासियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर हमें वीर स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’, ‘विकसित भारत-आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण के लिए संकल्पित होकर मिलकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया। वंदे मातरम्। जय हिंद।


