Breaking Newsउत्तराखंडराज्य

कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक तथ्यों के साथ प्रसारित करने पर मुकदमा दर्ज, पुलिस करेगी कार्रवाई

महिला सांसद की गरिमा और धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप, सोशल मीडिया की अज्ञात आईडी की जुटाई जा रही जानकारी

देहरादून 16 नवंबर । भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री की तहरीर पर थाना राजपुर पुलिस ने महिला सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर झूठे एवं भ्रामक तथ्यों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही वीडियो प्रसारित करने वाले अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ने थाना राजपुर में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि सांसद कंगना रनौत द्वारा राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना किए जाने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। आरोप है कि इस वीडियो के साथ भ्रामक कैप्शन, पोस्ट, रील और टिप्पणियां जोड़कर यह झूठा प्रचार किया जा रहा है कि सांसद ने 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए करवाचौथ का वैवाहिक व्रत रखा था।

शिकायत में कहा गया है कि अलग-अलग सोशल मीडिया आईडी से प्रसारित किए जा रहे इस वीडियो के जरिए महिला सांसद की गरिमा, सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं के प्रति अपमानजनक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और हिंदू मंदिरों में की गई पूजा-अर्चना को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर करवाचौथ जैसी पवित्र धार्मिक परंपरा का मजाक उड़ाने का आरोप भी लगाया गया है। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होने की बात कही गई है।

पुलिस ने वादिनी की तहरीर पर तत्काल थाना राजपुर में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को सौंपी गई है। विवेचक की ओर से वीडियो प्रसारित करने वाले अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट और उनके संचालकों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही संबंधित व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button