श्रीनगर गढ़वाल 16 नवंबर ।
पौड़ी जिले के श्रीनगर में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर संयुक्त उप जिला चिकित्सालय के समीप रविवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने साथी के साथ ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे यूटिलिटी वाहन ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी सवार दूसरा किशोर भी घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र के नैथाना निवासी मुकुल सिंह नेगी (17) पुत्र सुरेंद्र सिंह नेगी रविवार शाम अपने साथी अनुज सिंह के साथ स्कूटी से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान श्रीनगर में संयुक्त उप जिला चिकित्सालय के समीप ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रहे यूटिलिटी वाहन संख्या UK 07CB-7773 की चपेट में उनकी स्कूटी आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल मुकुल को तत्काल संयुक्त उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में स्कूटी चालक अनुज सिंह भी घायल हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हादसे के जिम्मेदार यूटिलिटी चालक को पकड़ने की मांग की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।
बताया गया कि मृतक मुकुल सिंह नेगी 11वीं कक्षा का छात्र था। महज 17 वर्ष की उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।
