जैन सम्राटों के जीवन पर प्रतियोगिता आयोजित, जैन मिलन शाखा देहरादून द्वारा 118 बच्चों को किया गया पुरस्कृत
देहरादून, 15 सितंबर। भारतीय जैन मिलन द्वारा घोषित ‘जैन सम्राट गौरव वर्ष’ के अंतर्गत जैन मिलन देहरादून की ओर से श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज में जैन सम्राटों के जीवन पर आधारित प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को प्रातः 7:15 बजे विद्यालय परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक वीर डॉ. संजीव कुमार जैन एवं मंत्री वीर पंकज जैन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर भारतीय जैन मिलन के राष्ट्रीय मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष अतिवीर नरेश चंद जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर सुरेश चंद जैन, क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर डॉ. संजय जैन, क्षेत्रीय संरक्षक वीर सुकुमार जैन सहित जैन मिलन देहरादून के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, जैन भवन के प्रधान वीर सुनील कुमार जैन तथा जैन मिलन शिवालिक के मंत्री वीर राजीव कुमार जैन भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 118 बच्चों ने भाग लिया, जिन्हें प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। इसी प्रकार निबंध लेखन प्रतियोगिता में भी प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर डॉ. संजय जैन ने विद्यार्थियों से जैन सम्राटों के जीवन से संबंधित प्रश्न पूछे। बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिए, जिस पर उन्होंने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अतिवीर नरेश चंद जैन ने बच्चों को जैन सम्राटों के जीवन, उनके योगदान एवं आदर्शों के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जैन मिलन की ओर से विद्यालय को स्मृति चिह्न भेंट कर प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक वीर डॉ. संजीव कुमार जैन एवं प्रधानाचार्य डॉ. शुभि गुप्ता ने जैन मिलन देहरादून द्वारा इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने तथा सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

