टिहरी 30 सितम्बर 2026 । सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, नरेंद्रनगर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल के नरेंद्रनगर, गजा, नई टिहरी, काण्डीखाल, प्रतापनगर, जाखणीधार, हिंडोलाखाल एवं बछेलीखाल में संचालित राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में ‘विकसित भारत-2047’,
‘विकसित उत्तराखंड-2047’ एवं ‘स्वच्छता’ विषय पर पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल हुकम चन्द तथा विशिष्ट अतिथि प्रधानाचार्य उत्तराखंड राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान काण्डीखाल सुमन्त शाह की उपस्थिति में विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
पोस्टर प्रतियोगिता में नरेंद्रनगर की छात्रा संजना ने प्रथम, हिंडोलाखाल की छात्रा पूजा कोटवाल ने द्वितीय तथा नरेंद्रनगर के छात्र अनुराग कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में गजा के छात्र अभिनव नवानी ने प्रथम, काण्डीखाल के छात्र अंकित सिंह नेगी ने द्वितीय तथा प्रतापनगर के छात्र विरेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि ने समापन संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नवीन तकनीकों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
विकसित भारत-2047 में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर संस्था के प्रधानाचार्य ओमकार शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग की सराहना की । कार्यक्रम में मंच संचालन प्रभात सेमल्टी, विभागाध्यक्ष बेसिक साइंस संस्थागत द्वारा किया गया।


