देहरादून 04 अक्टूबर । डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में पुलिस प्रशासन की भूमिका को लेकर NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय ABVP को लाभ पहुंचाने का काम किया, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं।
इसी के विरोध में 5 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से SSP कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा SSP देहरादून को बुके भेंट करने के साथ ही मिठाई खिलाकर व्यंग्यात्मक रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया जाएगा।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डीएवी पीजी कॉलेज सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव की निष्पक्षता सर्वोपरि है। यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रशासनिक अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठते हैं तो उनका जवाब दिया जाना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि NSUI, युवा कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहेगा। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति का अपमान करना नहीं, बल्कि छात्रसंघ चुनाव की निष्पक्षता, पारदर्शिता और छात्रहित से जुड़े मुद्दे को मजबूती से उठाना है।
सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि छात्र समुदाय चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के पक्षपात को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में जीत महत्वपूर्ण नहीं, निष्पक्ष चुनाव महत्वपूर्ण है।”


