देहरादून 04 अक्टूबर ।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई से मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी मीना देवी और उसके कथित प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर मदन मुखिया की हत्या की और शव को जंगल की खाई में फेंक दिया था। घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रेमनगर पुलिस को मंडुवाला डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी ग्राम बोनगांव, जिला सहरसा, बिहार, हाल निवासी मंडुवाला, झाझरा, देहरादून, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया। मामले में मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह, निवासी मंडुवाला, प्रेमनगर, देहरादून की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 214/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन करते हुए सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक उसने मृतक की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लल्लन ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मंडुवाला में किराये पर रहकर मजदूरी करता है। पिछले दो-तीन वर्षों से उसका मृतक मदन मुखिया की पत्नी मीना के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले मंडुवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया था, जिसमें उसे अपनी पत्नी और लल्लन की फोटो-वीडियो दिखाई दीं।
पुलिस के अनुसार, इस बात को लेकर मदन ने दोनों को धमकी दी थी कि वह उनके संबंधों के बारे में सभी को बता देगा। इसके बाद कथित रूप से बदनामी और राज खुलने के डर से लल्लन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत मीना मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से लगे जंगल में ले गई। वहां मदन को शराब पिलाने के बाद लल्लन के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, हमले में मदन की मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और हत्या में प्रयुक्त चाकू को पास की झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने लल्लन शर्मा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू झाड़ियों से बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. लल्लन शर्मा पुत्र गणेश शर्मा, निवासी ग्राम वीरवार, पोस्ट मेनाग्राम, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 23 वर्ष, हाल निवासी सुनील टेलर के किराएदार, मंडुवाला, लोअर प्रेमनगर, देहरादून।
2. मीना देवी पत्नी मदन, निवासी बोनगांव, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 30 वर्ष।
बरामदगी: घटना में प्रयुक्त एक चाकू।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रेमनगर उपनिरीक्षक गिरीश नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी झाझरा उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा, कांस्टेबल रोबिन सिंह, कांस्टेबल अमरेंद्र, महिला कांस्टेबल सुशीला और कांस्टेबल चालक जीएस सैनी शामिल रहे।
