ढोल-दमाऊ की गूंज के बीच निकली भव्य राम बारात, पंकज मैसोन मंच पर सम्मानित
श्री गुरु नानक मैदान रेसकोर्स में श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी की रामलीला महोत्सव में उमड़ा उत्साह, 20 अक्टूबर को होगा भव्य रावण दहन
देहरादून 15 अक्टूबर ।
श्री गुरु नानक मैदान, रेसकोर्स में श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952 की ओर से आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव के चतुर्थ दिवस पर भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक उल्लास के बीच निकली राम बारात ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजन में श्रद्धालुओं और रामभक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर दून वैली व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) के अंतर्गत राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (NTWB) के सदस्य श्री पंकज मैसोन को मंच पर सम्मानित किया गया। समिति की ओर से उन्हें सम्मानित कर उनके सामाजिक एवं व्यापारी हितों से जुड़े योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के अध्यक्ष श्री अभिनव थापर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए रामलीला महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की।
समिति की ओर से बताया गया कि रामलीला महोत्सव के अंतर्गत 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक रामलीला का मंचन किया जा रहा है। वहीं, 20 अक्टूबर को भव्य रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित पहुंचकर भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने और इस धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

