उत्तराखंडराज्य

राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में होगा ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सभी जनपदों में दिलाएंगे राष्ट्रीय एकता की शपथ, साइबर ठगी और नशे के खिलाफ भी चलाएंगे जागरूकता अभियान

देहरादून,29 अक्टूबर। राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर) के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का प्रदेश के सभी पुलिस थानों में सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय की ओर से इस आयोजन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी अपने-अपने आवंटित जनपदों में उपस्थित रहकर पुलिस लाइन्स में आयोजित परेड में प्रतिभाग करेंगे और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही सभी जनपदों में पुलिसकर्मियों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।

**वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई जनपदों की जिम्मेदारी**

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, एडीजी वी. मुरुगेशन को देहरादून, एडीजी ए.पी. अंशुमान को नैनीताल, आईजी विम्मी सचदेवा को हरिद्वार, आईजी रिधिम अग्रवाल को देहरादून, आईजी कृष्ण कुमार वीके को ऊधमसिंह नगर, आईजी नीलेश आनंद भरणे को पौड़ी गढ़वाल, आईजी राजीव स्वरूप को टिहरी गढ़वाल, आईजी अनन्त शंकर ताकवाले को अल्मोड़ा, आईजी सुनील कुमार मीणा को उत्तरकाशी, आईजी योगेन्द्र सिंह रावत को चम्पावत, आईजी बरिन्दरजीत सिंह को रुद्रप्रयाग, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल को चमोली तथा डीआईजी यशवन्त सिंह को पिथौरागढ़ जनपद की जिम्मेदारी दी गई है।

**शाम 5:30 बजे होगा एकता परेड का सीधा प्रसारण**

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे प्रदेश के सभी पुलिस थानों में स्थानीय नागरिकों, प्रबुद्धजनों, स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की सहभागिता से गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में जनसमुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।

सीधे प्रसारण के बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पुलिस और आमजन के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और विश्वास को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव तथा नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।

**साइबर ठगी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति करेंगे जागरूक**

जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। पुलिस अधिकारी स्थानीय नागरिकों, युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त पुलिस कार्मिकों से संवाद कर इन चुनौतियों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।

उत्तराखंड पुलिस का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति जागरूक करना, पुलिस-जनता के संबंधों को और मजबूत बनाना तथा सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

Related Articles

Back to top button