बेस्ट सीएम सर्वे में दूसरा स्थान मिलने पर धामी के सुशासन पर मुहर
कड़े फैसलों के बूते विकास की नई मिसाल बना उत्तराखंड
देहरादून 02 नवंबर ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा जारी ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ में उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को देशभर के मुख्यमंत्रियों की रैंकिंग में दूसरा स्थान (881 अंक) मिलने पर बधाई दी है। उन्होंने इसे राज्य की 1.25 करोड़ जनता के विश्वास, धामी सरकार की कठोर निर्णय क्षमता और पारदर्शी प्रशासनिक कार्यशैली की राष्ट्रीय स्वीकार्यता करार दिया है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि 1000 अंकों के कड़े पैमाने और 10 प्रमुख मानकों (सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, कार्यक्षमता, दूरदर्शिता, जन-स्वीकार्यता और परिणाम) पर किए गए त्रिस्तरीय राष्ट्रीय सर्वे में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का दूसरे स्थान पर आना पूरे उत्तराखंड के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। शीर्ष 1 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ (897 अंक) पहले स्थान पर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (881 अंक) दूसरे स्थान पर तथा असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्वा सरमा (874 अंक) तीसरे स्थान पर रहे हैं।
भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने न केवल धार्मिक पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं, बल्कि सख्त धर्मांतरण कानून, देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून और यूसीसी (UCC) जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर देश के सामने सुशासन की नई मिसाल पेश की है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद धामी सरकार ने अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का काम किया है। हाल ही में पेश ₹7,844.18 करोड़ का ऐतिहासिक अनुपूरक बजट और युवाओं, महिलाओं व किसानों के सशक्तिकरण की नीतियाँ यह साबित करती हैं कि उत्तराखंड आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ के विजन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

