देहरादून 06 नवम्बर । उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान हुए ऐतिहासिक रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोलियों से घायल होकर पूर्णतः शैय्याग्रस्त हुए दो राज्य आंदोलनकारियों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर दोनों आंदोलनकारियों की समुचित देखरेख के लिए 20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इस धनराशि से दोनों आंदोलनकारियों के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में शासन ने इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया है। शासनादेश के अनुसार हरिद्वार जनपद निवासी प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून निवासी
अमित ओबराय को इस अतिरिक्त सहायता का लाभ मिलेगा। दोनों आंदोलनकारी रामपुर तिराहा कांड के दौरान पुलिस की गोली से घायल होने के बाद से पूर्णतः शैय्याग्रस्त हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार की ओर से दोनों राज्य आंदोलनकारियों को वर्तमान में 30 हजार रुपये प्रतिमाह की विशेष सम्मान पेंशन प्रदान की जा रही है। अब उनकी दैनिक देखभाल और आवश्यक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 20 हजार रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त सहायता भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय से लंबे समय से गंभीर शारीरिक पीड़ा झेल रहे दोनों राज्य आंदोलनकारियों को राहत मिलेगी। साथ ही उनकी देखरेख के लिए सहायक की व्यवस्था होने से उनके दैनिक जीवन में भी सुविधा होगी। सरकार के इस कदम को राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान, सम्मानजनक जीवन और उनके प्रति संवेदनशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है।

