देहरादून,10 नवम्बर 2026 । भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत देहरादून स्थित “राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान” (NIEPVD), देहरादून के सेवानिवृत्त दिवंगत कर्मचारी श्री जय प्रकाश जी के निधन पर NIEPVD कर्मचारी संघ तथा सेवानिवृत्त स्टाफ द्वारा गहरा शोक व्यक्त किया गया। इस
शोकसभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष जे.सी. कुकरेती द्वारा करते हुए संस्थान के निदेशक के विरुद्ध कड़ी निन्दा की गई। इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष हरीश पंवार, सतेंद्र शर्मा, जगदीश लखेड़ा,प्रमिल चौधरी,अंकित उपाध्याय एवं रवि बृज सहित अन्य कर्मचारी एवं पेंशनभोगियों ने उपस्थित होकर संस्थान प्रबंधन के प्रति गहरा रोष प्रकट किया।शोकसभा में ऑल इंडिया पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य एवं वरिष्ठ प्रतिनिधि त्रिनाथ साईन तथा योगेश अग्रवाल ने कहा कि आज मैक्स अस्पताल में भर्ती हमारा एक साथी संस्थान द्वारा दवाओं के लिए धन उपलब्ध ना करवायें जाने के कारण हमारे बीच नहीं रहा। संस्थान के निरंकुश रवैये के कारण इस तरह की प्रवृत्ति की पुनरावृत्ति सम्भव है, इसलिए संस्थान में कार्यरत और सेवानिवृत्त स्टाफ को एकत्र होकर संस्थान के गलत निर्णय के विरूद्ध आन्दोलन करना चाहिए।
उपस्थित सभी सदस्यों ने अपने ही दिवंगत साथी स्व० जय प्रकाश रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते एकजुटता का संकल्प लिया।
शोकसभा में संघ के अध्यक्ष जे.सी. कुकरेती ने अपने संबोधन में कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ पूर्ववत तत्काल उपलब्ध कराने की मांग करते हुए स्टाफ के हितों पर गंभीर चिंता व्यक्त की।ऑल इंडिया पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य त्रिनाथ साईन ने भी अपने विचार रखते हुए चिकित्सा सुविधाओं की बहाली तथा कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने पर जोर दिया। योगेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को मिलने वाली चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ उनके सम्मानजनक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन सुविधाओं की बहाली के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
शोकसभा में NIEPVD कर्मचारी संघ ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि दिवंगत स्व० जय प्रकाश रावत को आवश्यक चिकित्सा एवं आर्थिक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध न होने के कारण उसके निधन का दोषी संस्थान को बताते हुए देश की महामहिम राष्ट्रपति महोदया, माननीय प्रधानमंत्री तथा संबंधित केंद्रीय मंत्री महोदय को संवेदना से परिपूर्ण ज्ञापन प्रेषित कर न्याय की याचना की जायेगी और सभी की ओर से नकारात्मक स्थिति में मा० उच्च न्यायालय तथा सर्वोच्च न्यायालय तक गुहार लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
इस ज्ञापन के माध्यम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच कराने, दोष निर्धारित करने तथा संस्थान के कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के लिए चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की शीघ्र बहाली सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
उपरोक्त जानकारी देते हुए संघ के उपाध्यक्ष हरीश पंवार तथा वरिष्ठ पदाधिकारी जगदीश लखेड़ा ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर पूरी गंभीरता एवं मजबूती के साथ उठाया जाता रहेगा।
अंत में संघ ने दिवंगत जय प्रकाश जी के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
