उत्तराखंडदेश

बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच सैन्य नेतृत्व में तकनीकी दक्षता और सामरिक दूरदर्शिता जरूरी: राज्यपाल

राज्यपाल ने हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स के सैन्य अधिकारियों से किया संवाद

लोक भवन देहरादून 21 नवम्बर,2026। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शनिवार को लोक भवन में हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स (एचडीएमसी-22) के प्रतिभागी सैन्य अधिकारियों ने मुलाकात की। कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के कमांडेंट एयर वाइस मार्शल जी.के.जे. रेड्डी के नेतृत्व में आए अधिकारी उत्तराखण्ड के फॉरवर्ड एरिया टूर पर हैं। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों से संवाद किया।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाएं देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्वाभिमान की प्रहरी हैं। सैनिक कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और साहस के साथ देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संकटों में भी सेना का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा चुनौतियां तेजी से बदल रही हैं। साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ड्रोन तकनीक जैसे क्षेत्र राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं। ऐसे में सैन्य अधिकारियों के लिए तकनीकी दक्षता, सामरिक समझ और समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता जरूरी है।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण है। सेना देश की विविधता को एक सूत्र में बांधते हुए ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त कार्यप्रणाली देश की रक्षा क्षमता को और मजबूत करेगी। साथ ही, स्वदेशी रक्षा उत्पादन, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देना आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण है।

राज्यपाल ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों का विकास राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे जुड़ा है। सीमांत गांवों में सड़क, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएं बढ़ाना जरूरी है। वहां के लोगों का जीवन सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना सीमाओं को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण आधार है।

राज्यपाल ने अधिकारियों से कहा कि एक अच्छे सैन्य नेतृत्वकर्ता की पहचान उसके अनुशासन, चरित्र, धैर्य और निर्णय क्षमता से होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पाठ्यक्रम के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव अधिकारियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए और अधिक सक्षम बनाएंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागी अधिकारियों के सफल प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के अधिकारी एवं हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स के प्रतिभागी सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button