हरिद्वार 21 नवंबर।
प्रेम नगर आश्रम में विस्तारित प्रदेश कार्य समिति के निमित्त भाजपा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्र नाथ शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक में सभी वक्ताओं ने प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रभारियों को एक स्वर में चुनावी मोड में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी में जुटना होगा।
बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया गया कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए। प्रदेश के सभी जनपदों में जिला बैठकें और मंडल बैठकें आयोजित होंगी, जबकि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कोर कमेटी की बैठकें की जाएंगी।
इसके साथ ही बूथ विजय अभियान, बूथ सम्मेलन तथा विधानसभा सम्मेलनों के आयोजन पर भी चर्चा की गई। संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
बैठक में आगामी 25 दिसंबर से 9 जनवरी तक जन आशीर्वाद यात्रा आयोजित करने की जानकारी दी गई। यह यात्रा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में अलग-अलग आयोजित की जाएगी। यात्रा के माध्यम से जनता के बीच पहुंचने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी की जाएगी।
बैठक में चुनावी तैयारियों के निमित्त आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी सभी प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रभारियों के साथ साझा की गई तथा सभी को निर्धारित कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।