Breaking News

मुख्यमंत्री धामी ने स्यानाचट्टी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण,प्रभावितों को हर संभव सहायता का दिया आश्वासन

उत्तरकाशी।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद उत्तरकाशी की बड़कोट तहसील के स्यानाचट्टी क्षेत्र में आपदा प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

स्यानाचट्टी के पास यमुना नदी में गडगाड गदेरे से मलबा आने के कारण नदी का प्रवाह अवरुद्ध होकर अस्थाई झील का निर्माण हो गया था। मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर झील का निरीक्षण किया और नदी मार्ग में जमा गाद हटाने तथा झील के मुहाने को चौड़ा कर त्वरित जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को प्रभावित लोगों के नुकसान का तत्काल आंकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवाजाही बाधित होने से प्रभावित आलू की फसल की उचित मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कुपड़ा–कुंशाला पुल का स्थलीय निरीक्षण कर कहा कि जल्द से जल्द कार्यदायी संस्था नामित कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। पुल के निर्माण तक वैकल्पिक पैदल मार्ग को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भूस्खलन से बाधित सड़कों को तुरंत खोलने और यमुनोत्री मार्ग को शीघ्र सुचारू करने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और हुए नुकसान का आंकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा व सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस मौके पर पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाध्यक्ष बीजेपी नागेंद्र चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल, कमांडेंट एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी, एडीएम मुक्ता मिश्र, एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस उपाधीक्षक देवेंद्र सिंह नेगी एवं जनक सिंह पंवार मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button