हाईकोर्ट से विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक
उत्तराखंड हाईकोर्ट से धारचूला विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कथित हंगामा, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में दर्ज मुकदमे को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने दोनों याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।

न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के चर्चित फैसले अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य में दिए गए दिशा-निर्देशों का हवाला दिया।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में दलील दी गई कि 15 नवंबर को पुलिस ने उनके और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप लगाया गया कि सात साल से कम सजा वाले अपराध के मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35 के तहत अनिवार्य नोटिस दिए बिना ही चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जो सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के विपरीत है।
वहीं, सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि याचिकाकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया, पोडियम में तोड़फोड़ की और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने पुलिस को कानूनी प्रक्रिया और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश देते हुए याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। इसके साथ ही अदालत ने याचिका को निस्तारित कर दिया।
फिलहाल हाईकोर्ट के इस आदेश से विधायक हरीश धामी और मनोहर टोलिया को गिरफ्तारी के मामले में राहत मिली है। हालांकि, गिरफ्तारी पर रोक को मुकदमा निरस्त होना नहीं माना जा सकता

