उत्तराखंड

महिला सशक्तिकरण पर कांग्रेस को दृष्टिदोष, धामी सरकार के फैसलों पर बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

 

देहरादून

उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर महिला कल्याण के मुद्दे पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया है। भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने महिलाओं के उत्थान और आर्थिक मजबूती के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, लेकिन कांग्रेस को सरकार के ये काम दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लगता है कांग्रेस को दृष्टिदोष हो गया है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है।

भट्ट ने महिला आर्थिक सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तिकरण योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण देने की व्यवस्था भी की गई है

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 2 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, महिला समूहों के उत्पादों को ब्रांड के रूप में पहचान दिलाने और महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए भी सरकार काम कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने महिला स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि चंपावत के लोहाघाट में 256 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही नंदा गौरा योजना के तहत बालिका के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं पास करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

महिला सशक्तिकरण पर कांग्रेस को दृष्टिदोष, धामी सरकार के फैसलों पर बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट

भट्ट ने बताया कि इस वर्ष जेंडर बजट के अंतर्गत लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उनके अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में महिला सशक्तिकरण के बजट में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

वहीं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महिला राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अपने बयान के अंत में महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा चुनाव और वोट की राजनीति से ऊपर उठकर विकास के एजेंडे पर काम करती है। उन्होंने दावा किया कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं का लाभ आगामी चुनाव में भी भाजपा को मिलेगा।

अब महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सवाल यह है कि सरकार की योजनाओं और उनके जमीनी क्रियान्वयन को लेकर विपक्ष की आपत्तियों का जवाब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे निकलकर कितना प्रभावी तरीके से दिया जाता है।

 

Related Articles

Back to top button