
देहरादून, 28 नवंबर। भाजपा विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं। विकास केंद्रित पत्रकार वार्ता श्रृंखला की शुरुआत करते हुए चमोली ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में “विकसित भारत का स्वप्न” देवभूमि में साकार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएँ राज्य में प्रगति पर हैं। केदारनाथ-बद्रीनाथ मास्टर प्लान, चारधाम यात्रा मार्गों का आधुनिकीकरण, और केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे जैसी परियोजनाएँ धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही हैं। बद्रीनाथ धाम में सड़क, पार्किंग, आवासीय सुविधाओं व यात्री सेवाओं का विस्तार तीर्थयात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा।
चमोली ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन उत्तराखंड की “लाइफलाइन” बनने जा रही है, जिससे पहाड़ों तक रेल पहुँचने का दशकों पुराना सपना पूरा होगा। पेयजल और ऊर्जा संकट के समाधान के लिए सौंग, जमरानी, लखवाड़, व्यासी तथा किसाऊ बांध परियोजनाओं में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य के दुर्गम क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क का विस्तार शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को सशक्त कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना से हजारों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि आयुष्मान और अटल आयुष्मान योजनाओं का लाभ लाखों लोग उठा रहे हैं।
खनन क्षेत्र में सुधारों का हवाला देते हुए चमोली ने कहा कि केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड को रिकॉर्ड 200 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन मिला है। राज्य ने अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर ‘राष्ट्रीय मॉडल’ के रूप में पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने नीति आयोग के SDG इंडिया इंडेक्स 2023-24 में पहला स्थान प्राप्त कर विकास की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता सिद्ध की है। पर्यटन, मत्स्य पालन और साहसिक खेलों में भी राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार हासिल किए हैं।
युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के लिए धामी सरकार द्वारा लागू किए गए कठोर नकल निरोधक कानून का जिक्र करते हुए चमोली ने बताया कि 200 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया और 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य ने UCC लागू करने वाला पहला प्रदेश बनकर, धर्मांतरण और दंगारोधी कानून पारित कर, तथा अवैध धार्मिक अतिक्रमणों पर सख्त कार्रवाई कर ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़े-बड़े नौकरशाहों पर भी कार्रवाई की गई है।
मातृशक्ति और राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में क्रमशः 30% और 10% आरक्षण देकर सरकार ने सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि राज्य में डबल इंजन सरकार के कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा देने के लिए सभी संगठनात्मक जिलों में मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी और प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक भी उपस्थित रहे।

