उत्तराखंडविविध

विकास कार्यों की प्रगति को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक

रूद्रपुर, 03 जनवरी 2026 । मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित विकास कार्यों की प्रगति को लेकर जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सीडीओ ने कहा कि माननीय विधायक एवं माननीय सांसद स्तर से प्राप्त योजनान्तर्गत प्रस्तावों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से निर्धारित समयावधि में आगणन तैयार कराते हुए सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर समय से कार्य प्रारम्भ कराया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने एमबीएडीपी एवं मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के अंतर्गत स्थापित इकाइयों में निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर मशीनों की स्थापना एवं संचालन प्रक्रिया प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं का भौतिक निरीक्षण भी किया जाएगा तथा सभी प्रस्तावित योजनाओं में भूमि की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए।
प्रधानमंत्री जनमन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने बाजपुर के 14 एवं गदरपुर के 06 अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराते हुए तृतीय किस्त के प्रस्ताव जनपद मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सर्वे 2.0 में पात्रता परीक्षण करते हुए अपात्रों को हटाने की प्रक्रिया निर्धारित तिथि तक पूर्ण करने को कहा।
मनरेगा के अंतर्गत (वीबी-जी राम जी) योजना में श्रमिक–सामग्री अनुपात 60:40 बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अमृत सरोवरों पर आजीविका गतिविधियों के संचालन को सुनिश्चित करते हुए इसकी सूचना जिला मुख्यालय को देने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आरएफ, सीआईएफ वितरण, लखपति दीदी निर्माण तथा आजीविका गतिविधियों के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
सीडीओ ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं में पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरतते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम स्तर से जनपद स्तर तक यदि कार्य निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री हिमांशु जोशी, खण्ड विकास अधिकारी श्री असित आनंद, श्रीमती आतिया परवीन, श्री शेखर जोशी, श्री सी.आर. आर्या, श्री संजय गांधी, परियोजना अर्थशास्त्री श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव, डीपीएम रीप श्री शुभांकर झा, डीटीई श्री सौरभ सक्सेना, श्री विपिन राणा सहित विकास खण्डों के ब्लॉक मिशन मैनेजर (एनआरएलएम) एवं डीपीओ मनरेगा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button