उत्तराखंडराजनीती

कोटद्वार में भाजपा जिला कार्यकर्ता बैठक सम्पन्न, प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने किया कार्यकर्ताओं का आह्वान

कांग्रेस एवं निर्दलीय दलों से जुड़े 57 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की

कोटद्वार 03 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी, कोटद्वार द्वारा आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन–जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट के कोटद्वार आगमन पर कौड़िया बैरियर में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कोटद्वार के पनियाली वन विभाग सभागार में आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजगौरव नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र सिंह बिष्ट, महापौर श्री शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री श्री राजेन्द्र अन्थवाल, श्री ऋषि कंडवाल तथा ब्लॉक प्रमुख श्रीमती बीना राणा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस एवं निर्दलीय दलों से जुड़े 57 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष श्री महेन्द्र भट्ट ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार में शामिल होकर वे राष्ट्र निर्माण की यात्रा के सहभागी बने हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री महेन्द्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, निकाय, पंचायत एवं सहकारी संस्थाओं में भाजपा को मिल रही निरंतर जीत यह प्रमाणित करती है कि सरकार जनअपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि घटते जनाधार से बौखलाई कांग्रेस ओछी राजनीति कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “जनता की सरकार, जनता के द्वार” की अवधारणा को साकार करने के लिए राज्य सरकार न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि बुनियादी ढांचे के विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर एवं पारदर्शी शासन की उपलब्धियों को घर–घर तक पहुंचाएं।
इससे पूर्व स्वागत भाषण में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राजगौरव नौटियाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन से ही सरकार की योजनाएं प्रभावी रूप से जनमानस तक पहुंचती हैं। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शैलेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा के भाव से कार्य करता है तथा मोदी सरकार की नीतियां सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर आधारित हैं।
महापौर श्री शैलेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण नगर विकास, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में तेजी आई है और कार्यकर्ताओं से स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
भाजपा प्रदेश मंत्री एवं राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट श्री सतीश लखेड़ा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने अंकिता प्रकरण में सरकार की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिल चुकी है तथा सरकार पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभा रही है।
कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष श्री भरत लाल, महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश मंत्री श्रीमती अनीता आर्य एवं अनुसूचित मोर्चा गढ़वाल सह संयोजक श्री आनंद का स्वागत किया गया।
कार्यकर्ता बैठक में गौ सेवा आयोग अध्यक्ष श्री राजेन्द्र अन्थवाल, सिंचाई सलाहकार समिति उपाध्यक्ष श्री ऋषि कंडवाल, भाजपा नेता श्री उमेश त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्री महेन्द्र राणा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रमिला बलूनी, जिला उपाध्यक्ष श्री विजयानंद पोखरियाल, नगर अध्यक्ष श्री विकास दीप मित्तल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष श्री शांता बमराड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती शशि बाला केष्टवाल सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button