Breaking Newsउत्तराखंड

युवा संवाद कार्यक्रम “विकसित भारत 2047” में राज्यपाल ने युवाओं से किया संवाद, कहा– युवा शक्ति से बनेगा नया भारत

लोक भवन, देहरादून 13 जनवरी, 2026 ।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को लोक भवन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम “विकसित भारत 2047” के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर छात्रों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के संबोधन में नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शिता और आत्मविश्वास की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने विकसित भारत 2047 को लेकर अपने संकल्प और दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि विकसित भारत का सपना केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, आत्मनिर्भरता, डिजिटल सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों पर आधारित समाज का निर्माण भी शामिल है। विद्यार्थियों ने युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव बताते हुए देश के विकास में पूर्ण योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने विद्यार्थियों के विचारों, स्पष्ट सोच और दूरदर्शी दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस परिपक्वता के साथ युवाओं ने अपने विचार रखे हैं, उससे यह सिद्ध होता है कि युवा सामर्थ्य के बल पर भारत को विकसित राष्ट्र और विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता। राज्यपाल इस बात से विशेष रूप से प्रभावित हुए कि विद्यार्थियों ने विकसित भारत के लिए एक सशक्त विजन और स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया, जो अत्यंत सराहनीय है।
राज्यपाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी नए भारत की आशा हैं और भविष्य के नेतृत्वकर्ता हैं। आपने जो लक्ष्य निर्धारित किए हैं, उन्हें आप अवश्य ही प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास, अतिरिक्त परिश्रम और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। जब अन्य लोग थक जाएं, तब भी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना ही सफलता की कुंजी है।
उन्होंने युवाओं से असीमित सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी निष्ठा व मेहनत से कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्म-अनुशासन और आत्मसंयम जैसे गुणों को जीवन में विकसित करने पर बल दिया। राज्यपाल ने युवाओं को साहसी, निडर, चरित्रवान बनने तथा समाज के प्रति सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।
अंत में राज्यपाल ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में वेलहम गर्ल्स स्कूल देहरादून, शिक्षांकुर द ग्लोबल स्कूल, टोन्स ब्रिज स्कूल, सेंट जोसेफ अकादमी देहरादून एवं सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षणगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button