उत्तराखंडराज्य

रूद्रपुर में भव्यता से मना 77वां गणतंत्र दिवस, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने फहराया तिरंगा

रूद्रपुर 26 जनवरी 2026 । 77वें गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस लाइन रूद्रपुर में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मा0 कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर ध्वजारोहण किया तथा भव्य पुलिस परेड की सलामी ली।
परेड में नागरिक पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, अग्निशमन, पीआरडी, एनसीसी के साथ ही विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों ने प्रतिभाग किया। इसके उपरांत माननीय मंत्री श्री जोशी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह दिवस उन अमर शहीदों के बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिनके संघर्ष से हमें स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र प्राप्त हुआ। 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों से जोड़ता है, जो भारत की आत्मा हैं।
माननीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करते हुए विकास, विज्ञान, तकनीक, कृषि, रक्षा और खेल सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
अपने संबोधन में श्री जोशी ने कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में मिलेट्स मिशन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया गया है और झंगोरा व मंडुआ जैसे पारंपरिक अनाजों को वैश्विक पहचान मिल रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, एप्पल मिशन, कीवी नीति, जैविक खेती, कृषि यंत्रीकरण सहित अनेक योजनाओं से लाखों किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, नंदा गौरा योजना, अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं तथा मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं।
माननीय मंत्री ने चारधाम परियोजना, शीतकालीन चारधाम यात्रा, सैनिक कल्याण योजनाओं और शहीदों के परिजनों के लिए बढ़ाई गई अनुग्रह राशि की भी जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिजनों को पौध भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह सहित 26 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत झांकियों एवं विद्यालयी बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, जिला जज सिकंदर कुमार त्यागी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button