देहरादून 26 जनवरी 2026 ।
राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नेचिंग की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी Blinkit में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार 25 जनवरी को गणेश दत्त बहुगुणा, निवासी नथुवावाला ढांग ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया कि उनकी माताजी श्रीमती कुंती देवी सुबह पैदल अपने रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान शिव मंदिर ढांग के पास एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल सवार युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर तत्काल विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
तेज और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर आरोपी सचिन को बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1.5 लाख बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रिंग रोड स्थित Blinkit एजेंसी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य करता है। डिलीवरी के दौरान वह अकेले आने-जाने वाली महिलाओं की रेकी करता था। महंगे शौक और बढ़ते कर्ज के चलते उसने चेन स्नेचिंग की योजना बनाई थी। वारदात के बाद वह मंगलसूत्र बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: सचिन पुत्र सर्वेश कुमार
निवासी: रसूलपुरकला, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उ.प्र.)
वर्तमान पता: जोगीवाला, रिंग रोड, देहरादून
उम्र: 30 वर्ष
बरामदगी:
➡ छीना गया मंगलसूत्र (अनुमानित कीमत ₹1,50,000)
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक सुनील नेगी, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, कांस्टेबल प्रेम पंवार, कांस्टेबल मुकेश कनाडाई एवं कांस्टेबल किशन पाल
पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।


