Breaking News

वसंतोत्सव–2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश, राज्यपाल से दून विश्वविद्यालय की कुलपति की शिष्टाचार भेंट

लाइव स्ट्रीमिंग व सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचे आयोजन की जानकारी : राज्यपाल

देहरादून, 10 फरवरी 2026।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से मंगलवार को लोक भवन में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने आगामी 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक लोक भवन में आयोजित होने वाले वसंतोत्सव–2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव का लाइव स्ट्रीमिंग तथा सोशल मीडिया माध्यमों से प्रभावी प्रचार किया जाए, ताकि आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने उल्लेख किया कि विगत वर्ष भी दून विश्वविद्यालय के मीडिया एवं मास कम्युनिकेशन विभाग द्वारा आयोजन का लाइव प्रसारण एवं व्यापक कवरेज सफलतापूर्वक किया गया था।
राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के फूलों की एक विशिष्ट पहचान है, जो प्रदेश के लिए एक बड़ा वरदान है। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन एवं पुष्प आधारित गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक विकास की नई संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इस दिशा में उन्होंने विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग को आयोजन को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ते हुए शोध कर सुझाव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही राज्यपाल ने वसंतोत्सव–2026 के संपूर्ण आयोजन का विस्तृत डॉक्यूमेंटेशन किए जाने के भी निर्देश दिए, जिससे भविष्य में ऐसे आयोजनों की योजना और प्रभाव का आकलन किया जा सके।
इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र प्रसाद ममगाईं तथा मीडिया एवं मास कम्युनिकेशन विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button