उत्तराखंडराज्य

उत्तराखण्ड में हवाई कनेक्टिविटी विस्तार पर जोर, मुख्य सचिव ने की एयर कनेक्टिविटी स्कीम की समीक्षा

आदि कैलाश, नाभिडांग व जॉलीकाँग को हवाई सेवा से जोड़ने की कार्ययोजना के निर्देश

देहरादून, 10 फरवरी 2026।मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण की उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी स्कीम के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों से प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने आदि कैलाश, नाभिडांग एवं जॉलीकाँग को हवाई सेवा से जोड़ने के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सहस्त्रधारा से पूर्णागिरी के लिए भी हवाई सेवा जल्द प्रारंभ किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई संपर्क बढ़ाने की संभावनाओं को निरंतर तलाशा जाए, ताकि दूरस्थ एवं सीमावर्ती क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
मुख्य सचिव ने कहा कि पर्यटन सर्किट के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में हेलीपैड एवं हेलीपोर्ट सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और तीर्थयात्रा को भी सुगम बनाया जा सकेगा।
बैठक में सचिव श्री सचिन कुर्वे ने बताया कि प्रदेश में हेलीपैड एवं हेलीपोर्ट विकसित किए जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नैनीसैनी एयरपोर्ट को शीघ्र ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को हैंडओवर किया जाएगा, जिससे वहां से हवाई संचालन को गति मिलेगी।
बैठक में सचिव श्री सचिन कुर्वे, अपर सचिव श्री आशीष चौहान सहित नागरिक उड्डयन से जुड़े अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button