खटीमा,15 फरवरी 2026 ।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा सिविल न्यायालय परिसर में एक करोड़ रुपये की लागत से अधिवक्ताओं हेतु नव-निर्मित चैम्बर का फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को महाशिवरात्रि पर्व एवं नए चैम्बर के निर्माण पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह चैम्बर अधिवक्ताओं के लिए न्यायिक विमर्श एवं विधि अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा, जिससे न्यायिक कार्य अधिक सरल, सुगम एवं त्वरित होंगे। उन्होंने कहा कि खटीमा एवं आसपास के क्षेत्रों से आने वाले अधिवक्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी इससे प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न्याय व्यवस्था को पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने हेतु अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। पुराने, अप्रासंगिक एवं औपनिवेशिक कानूनों को समाप्त कर भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 को लागू किया गया है, जिससे न्यायिक प्रणाली अधिक प्रभावी बनी है।
उन्होंने ई-कोर्ट्स प्रोजेक्ट, नेशनल ज्यूडिशियल डेटा ग्रिड, फास्ट ट्रैक एवं स्पेशल कोर्ट, महिला एवं बाल अपराधों के लिए त्वरित न्याय तंत्र, ऑनलाइन सुनवाई और डिजिटल केस मैनेजमेंट सिस्टम जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से न केवल समय की बचत हुई है, बल्कि प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं विश्वसनीय बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देशभर में लगभग 7 हजार से अधिक न्यायालयों तथा 11 हजार आवासीय इकाइयों का निर्माण किया गया है, जो अपने आप में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी न्याय व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप देने और विधि शिक्षा को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा खटीमा का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए 20 नए चैम्बर निर्माण हेतु 2 करोड़ 50 लाख रुपये की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, विधायक गोपाल सिंह राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, जिला जज सिकंदर कुमार त्यागी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिला जज मंजू सिंह मुंडे, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, बार एसोसिएशन अध्यक्ष सूरज प्रकाश राणा, सचिव भरत पांडे, अधिवक्ता गोपाल सिंह बिष्ट, के.डी. भट्ट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

