विकासनगर में श्री खाटू श्याम धाम प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में मुख्यमंत्री धामी ने की पूजा-अर्चना
देहरादून/विकासनगर 18 फ़रवरी।
पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विकासनगर में स्थित श्री खाटू श्याम धाम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। बाबा आस्था के आराध्य होने के साथ-साथ हर टूटे मन को संबल देने वाले “हारे के सहारे” हैं। जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से बाबा को पुकारता है, बाबा उसकी झोली कृपा से भर देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और धार्मिक आयोजनों में उमड़ती श्रद्धालुओं की अपार भीड़ इस बात का जीवंत प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से उन्हें राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने संकल्प दोहराते हुए कहा कि जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ राज्य की सेवा करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण भी आवश्यक है। यदि किसी भी कार्य को पूर्ण समर्पण भाव से किया जाए तो निश्चित ही सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में जो कुछ भी घटित होता है, वह ईश्वर की कृपा से होता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था, जिस दिशा में राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

