
नैनीताल/हल्द्वानी 23 फ़रवरी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में दिनांक 24 फरवरी 2026 को सुनवाई प्रस्तावित है। संभावित निर्णय के उपरांत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस पूर्ण रूप से मुस्तैद है।
इस क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्यवाही के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते किए जाएं।
कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं सरकारी कार्यवाही को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए अत्याधुनिक असलहों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी, फायर यूनिट, टियर गैस स्क्वॉड एवं ड्रोन यूनिट्स की तैनाती की गई है। क्षेत्र में लगातार एरिया डोमिनेशन की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि—
👉🏻 चप्पे-चप्पे पर कड़ी पुलिस चैकिंग रहेगी।
👉🏻 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्यवाही जारी रहेगी।
👉🏻 लोकल पहचान पत्र न होने पर कोर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
👉🏻 कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
शांति व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर-17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इन्द्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर-8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा, रेलवे स्टेशन गेट सहित संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
यह फ्लैग मार्च मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा श्री दिनेश सिंह फर्त्याल, थाना पुलिस बल, पीएसी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसएसपी नैनीताल ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें तथा अग्रिम कार्यवाही में शासन-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखें, किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं, भ्रामक बयानबाजी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास से बचें।
जनपद पुलिस फील्ड के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर भी सतर्क निगरानी बनाए हुए है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की पोस्ट या सामग्री साझा करने से बचने की अपील की गई है।
