उत्तराखंडविविध

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से किया देशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से लिया वर्चुअल भाग

हल्द्वानी 28 फ़रवरी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण हेतु आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें इस टीके के लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं और उनके अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस अभियान की शुरुआत यह सिद्ध करती है कि नारी सम्मान और सुरक्षा उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि अटल संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर आज मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में भारत में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की दुखद मृत्यु हुई। इसी गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिससे भविष्य की पीढ़ी को इस घातक बीमारी से सुरक्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख से अधिक किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर व्यापक स्तर पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी फ्रंटलाइन हेल्थ वॉरियर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले जहाँ देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है। बीते 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित कर मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के करोड़ों परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। राज्य में प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें पाँच पहले से संचालित हैं और दो नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ प्रारंभ की गई हैं। हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। साथ ही हेली एंबुलेंस सेवा, निःशुल्क पैथोलॉजिकल जाँच, टेलीमेडिसिन तथा जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आधुनिकीकरण पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएँ और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएँ। यह टीका केवल एक इंजेक्शन नहीं, बल्कि उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का सुरक्षा कवच है। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों तथा सामाजिक और धार्मिक संगठनों से भी इस अभियान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद श्री अजय भट्ट ने भी अपने संबोधन में अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button