लोक भवन में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

देहरादून 04 मार्च। 

लोक भवन में बुधवार को होली के पावन अवसर पर रंगारंग होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं गणेश जोशी, प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, राज्यपाल के सचिव श्री रविनाथ रामन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। सभी ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने देशवासियों, विशेष रूप से उत्तराखण्ड के नागरिकों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हर्ष, उल्लास और समरसता का प्रतीक है, जो समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को सुदृढ़ करता है। रंगों के माध्यम से यह पर्व आपसी एकजुटता और भाईचारे का संदेश देता है, जो पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। होली आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कामना की कि रंगों का यह उत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करे तथा उत्तराखण्ड निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।


