
देहरादून 04 मार्च। रंगों और खुशियों के पर्व होली पर दून पुलिस ने अनुशासन और संवेदनशीलता की एक मिसाल पेश की। पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने पुलिस परिवार के साथ मिलकर होली मनाई और सभी अधिकारियों, जवानों, महिला कर्मियों तथा उनके परिवारजनों को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसएसपी डोबाल ने कहा कि जब पूरा देश अपने परिवार के साथ त्योहार मना रहा होता है, तब पुलिसकर्मी आम जनता की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। “आप सतर्क तो आम जन सुरक्षित” के संदेश के साथ उन्होंने पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि हम सभी एक परिवार हैं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय भी पुलिस की जिम्मेदारी कम नहीं होती, बल्कि और बढ़ जाती है। शांति, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा ही पुलिस का सबसे बड़ा त्योहार है। इसी भावना के साथ पुलिस परिवार ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली का पर्व मनाया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन में बच्चों, महिलाओं और जवानों ने एक साथ रंगों की होली खेली। गुलाल, अबीर और रंगों से सराबोर माहौल में सभी ने उत्साह और उल्लास के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। इस पहल से पुलिस परिवार में आपसी एकजुटता और भाईचारे का संदेश भी देखने को मिला।
एसएसपी डोबाल ने होली के अवसर पर आम नागरिकों से अपील की कि वे शराब, पटाखों और हानिकारक रंगों से दूरी बनाए रखें तथा होली को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण और आनंदमय ढंग से मनाएं। दून पुलिस की इस सकारात्मक पहल की स्थानीय नागरिकों ने भी सराहना की।

