देहरादून 04 मार्च। राजधानी के व्यस्ततम चकराता रोड पर सोमवार शाम पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े और मारपीट में बदल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार शाम चकराता रोड पर गुब्बारे फेंकने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। एक पक्ष में दीपक और उसका मित्र अक्षय शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष का नेतृत्व मनआनंद कर रहा है। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

