
देहरादून, 07 मार्च 2026। हरिद्वार के बैरागी कैंप में उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा नई न्याय संहिता पर आधारित राज्यस्तरीय भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और इसकी सराहना की।
केंद्रीय गृह मंत्री ने विशेष रूप से युवाओं, माताओं और बहनों से अपील की कि वे इस प्रदर्शनी को अवश्य देखें और नई न्याय संहिता के प्रावधानों के बारे में जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली की समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, पुलिस अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों सहित सभी हितधारकों को आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। प्रदर्शनी में न्याय संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं को सरल, दृश्य और इंटरैक्टिव माध्यमों से प्रस्तुत किया गया है।
प्रदर्शनी में समयबद्ध जांच और चार्जशीट की अनिवार्यता, जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर की व्यवस्था, सात वर्ष से अधिक दंडनीय अपराधों में अनिवार्य फॉरेंसिक जांच, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल साक्ष्यों की वैधता तथा महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के लिए सशक्त प्रावधानों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में भारतीय न्याय संहिता जैसे नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर रहा है। यह प्रदर्शनी 11 मार्च तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।


