
देहरादून,09 मार्च 2026।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, असहाय और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
छात्रा की फीस जमा कराकर परीक्षा में बैठाने के निर्देश
बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी पुत्री विदुषी, जो फाइलफोर्ट पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण फीस जमा नहीं कर पाई। इसके चलते स्कूल प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है।
इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय से समन्वय स्थापित कर छात्रा को परीक्षा में बैठाने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत फीस जमा कराने के निर्देश दिए।
दुर्घटनाग्रस्त शमशाद को आर्थिक सहायता और पेंशन
जवाहर कॉलोनी बल्लूपुर निवासी शमशाद ने बताया कि वर्ष 2023 में दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और उनका उपचार चल रहा है। आय का कोई साधन नहीं होने पर उन्होंने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने तथा प्रभारी अधिकारी शस्त्र को रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए।
2017 से लंबित नहर क्षति का मामला
तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में पीएमजीएसवाई कालसी द्वारा लाखामंडल से नाडा मोटर मार्ग निर्माण के दौरान उनकी कृषि भूमि और नहर को नुकसान हुआ था। नहर निर्माण के लिए 5.04 लाख रुपये की अवशेष धनराशि अब तक नहीं मिली।
इस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही पीएमजीएसवाई अधिकारियों से जवाब मांगा और 12 मार्च तक समस्या के समाधान का लिखित आश्वासन लिया।
सरिता को आर्थिक सहायता, दिव्यांग पुत्र को 4000 रुपये मासिक
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने आर्थिक तंगी की जानकारी देते हुए बताया कि उनका पुत्र दिव्यांग है और पति भी बीमार हैं।
जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को उनके दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 4000 रुपये प्रतिमाह स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
गुंडई से परेशान पिता की शिकायत पर गुंडा एक्ट में वाद
गढ़ीकैंट डाकरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग ने बताया कि वे हृदय रोगी हैं और हाल ही में उनका ऑपरेशन हुआ है। उनका पुत्र नशे की लत के कारण घर में उत्पात मचाता है।
इस पर जिलाधिकारी ने मामले में गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बहू द्वारा प्रताड़ित बुजुर्ग दंपति के लिए भरण-पोषण वाद
धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने अपनी बहू द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी के निर्देश पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विधवा का पेयजल बिल किया सटलमेंट
राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं और उन्हें 34,395 रुपये का पेयजल बिल मिला है, जिसका भुगतान करने में असमर्थ हैं।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल सटलमेंट करने तथा सटलमेंट राशि का भुगतान जिला प्रशासन के रायफल फंड से करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


