
देहरादून,13 मार्च 2026। माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में संचालित कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की एलपीजी गैस संबंधी शिकायतों और समस्याओं के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 405 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में जिला पूर्ति विभाग, देहरादून में गैस सप्लाई कर रही सभी एलपीजी एजेंसियों के प्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन की टीम द्वारा लगातार प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज जिले में लगभग 11 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति की गई, जबकि करीब 53 हजार सिलेंडरों का बैकलॉग है। मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गैस का लोड बढ़ा दिया गया है, जिससे कल से बैकलॉग में कमी आने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल अपने-अपने प्रतिनिधियों को नामित करें। ये अधिकारी प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आपदा कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे और गैस आपूर्ति व वितरण से संबंधित अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही गैस की कालाबाजारी, अवैध संग्रहण और अवैध रिफिलिंग जैसी शिकायतों को दर्ज कर उनका समाधान सुनिश्चित करेंगे, ताकि आम जनता में आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार का भय या भ्रम न रहे।
इधर गैस की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 50 सिलेंडर जब्त किए हैं।
सहस्त्रधारा, नालापानी और लाडपुर क्षेत्र से 12 सिलेंडर जब्त किए गए।
ऋषिकेश के खदरी श्यामपुर क्षेत्र में एक वाहन से 37 सिलेंडर बरामद किए गए तथा दो लोगों को हिरासत में लिया गया।
विकासनगर क्षेत्र में पीजी पर छापेमारी के दौरान एक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किया गया।
प्रशासन द्वारा संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।



