Breaking Newsउत्तराखंड

गैस की कालाबाजारी रोकने को जिलाधिकारी ने गठित की क्यूआरटी, 30 अधिकारी नामित

देहरादून 14 मार्च 2026 । जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी तथा अनियमित वितरण की शिकायतों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) का गठन करते हुए 30 अधिकारियों को नामित किया है, जो गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एलपीजी गैस सिलेंडर अब केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जाएं। किसी भी गैस एजेंसी द्वारा सीधे उपभोक्ताओं को एजेंसी परिसर से सिलेंडर वितरित नहीं किए जाएंगे।
प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर गैस वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को असुविधा की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। क्यूआरटी के नामित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की निगरानी करते हुए स्थिति की रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएंगे।

Related Articles

Back to top button