उत्तराखंडजनसुनवाई

जनता दर्शन में पहुंची 162 शिकायतें, एडीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

देहरादून, 16 मार्च 2026 । जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 162 शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि टाइपिस्ट ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर उनसे 11,500 रुपये ले लिए और एक माह बाद प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। जब वे आधार कार्ड अपडेट कराने नगर निगम पहुंचे तो जांच में जन्म प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए निरस्त कर दिया गया। पैसे वापस मांगने पर उन्हें धमकाया जा रहा है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने नगर निगम एवं पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मोथरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने शिकायत करते हुए बताया कि उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा उनके साथ मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना की जा रही है। इस संबंध में डीएम कोर्ट में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद भी दर्ज है। उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन थाना नेहरू कॉलोनी और बाईपास चौकी के बीच मामला बार-बार भेजे जाने से उन्हें अनावश्यक परेशानी हो रही है। इस पर एडीएम ने सीओ डालनवाला को मामले में त्वरित कार्रवाई कर बुजुर्ग दंपति की शिकायत का नियमानुसार निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने बताया कि उन्होंने भूमि क्रय करने के लिए एक अनुबंध किया था और इसके लिए 2 लाख रुपये नकद दिए थे। अनुबंध में रास्ता 15 फीट बताया गया था, लेकिन मौके पर रास्ता मात्र 12 फीट निकला। पैसे वापस मांगने पर संबंधित डीलर द्वारा धमकाया जा रहा है। इस पर एडीएम ने सीओ डोईवाला को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत में बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें हांगकांग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपये ले लिए, लेकिन 10 महीने बीतने के बाद भी न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए। संबंधित व्यक्ति ने उनका नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार किया गया।
बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2025 में अतिवृष्टि के कारण उनके घर के पास का रास्ता और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे घर को खतरा बना हुआ है। उन्होंने रास्ते और पुश्ते के निर्माण की मांग की। इस पर अधीक्षण अभियंता प्रांतीय खंड को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि 18.89 लाख रुपये का आगणन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी (मुख्यालय) अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित

Related Articles

Back to top button