उत्तराखंडधर्म/संस्कृति

नवरात्रि पर कैहरीगांव में भव्य ‘सामूहिक कन्या पूजन’, 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प

देहरादून,21 मार्च 2026। नवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम कैहरीगांव, वार्ड-3 में देखने को मिला, जहां भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में “सामूहिक कन्या पूजन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने श्रद्धापूर्वक कंचकों का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। नवरात्रि के तृतीय दिवस माँ चन्द्रघंटा के स्वरूप में पधारी कन्याओं का विधि-विधान से चरण प्रक्षालन किया गया। चंदन-रोली का टीका, मौली, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजन संपन्न किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने जानकारी दी कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कन्या पूजन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लगभग 11,000 कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया गया है, जिसमें प्रतिदिन करीब 1,500 कन्याओं का पूजन विभिन्न मंडलों में किया जा रहा है। पूजन के बाद सभी कन्याओं को प्रसाद और उपहार भी वितरित किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुण्य कार्य सभी के सहयोग से सफल हो रहा है। साथ ही माँ भगवती से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में निवर्तमान सभासद कमल राज, मंडल महामंत्री संजय अरोड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजू बिष्ट, मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सेमवाल, एससी मोर्चा अध्यक्ष सुरेन्द्र घेयल, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रदेश प्रकोष्ठ पदाधिकारी सूरज भाटिया, मंडल मंत्री रिया नैथानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुप्रिया डोभाल, ओबीसी मोर्चा मंत्री राजेश सैन, सोशल मीडिया संयोजक महिपाल सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button